सुल्तानपुर: पाक युद्ध के वीर योद्धा सेवानिवृत्त कर्नल विजय सिंह का निधन।
पाक युद्ध के वीर योद्धा सेवानिवृत्त कर्नल विजय सिंह का निधन, आज होगा अंतिम संस्कार
सुल्तानपुर। धनपतगंज क्षेत्र के फत्तेपुर निवासी और भारत-पाक युद्ध (1971) के वीर योद्धा सेवानिवृत्त कर्नल विजय सिंह का बुधवार को 83 वर्ष की आयु में निधन हो गया। लखनऊ के कमांड अस्पताल में हृदय गति रुकने से उन्होंने अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार आज दोपहर कुड़वार स्थित गोमती नदी के घाट पर किया जाएगा।
किसान परिवार में जन्मे विजय सिंह के पिता सत्यनारायण सिंह कृषक थे। गांव में पले-बढ़े विजय सिंह ने शिक्षा पूरी करने के बाद भारतीय सेना को अपना जीवन समर्पित किया। उन्हें सेना में पहला कमीशन लेफ्टिनेंट के रूप में मिला और बाद में कर्नल पद तक पहुंचे।
कर्नल विजय सिंह ने 1971 के भारत-पाक युद्ध में पराक्रम दिखाया और वर्ष 1987 में श्रीलंका भेजी गई भारतीय शांति सेना बटालियन का नेतृत्व भी किया। सेवानिवृत्ति के बाद वे गांव लौट आए और क्षेत्र के युवाओं को सेना में भर्ती के लिए प्रेरित करते रहे।
इनके बड़े पुत्र संजय सिंह ग्रुप कैप्टन पद से सेवानिवृत्त हैं जबकि उनकी पत्नी अंजली सिंह वर्तमान में ब्रिगेडियर पद पर सेवारत हैं। छोटे पुत्र दिग्विजय सिंह कर्नल पद पर आर्म कोर में सेवाएं दे रहे हैं।
Comments are closed.