सुलतानपुर में बैंक अधिकारी बनकर ठगी, व्यापारी के खाते से 86,500 रुपये गायब
सुलतानपुर।
कूरेभार थाना क्षेत्र में एक व्यापारी के बैंक खाते से फर्जी तरीके से रकम निकाले जाने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित व्यापारी मिर्जा मुकीम बेग पुत्र मिर्जा रसीद बेग निवासी ग्राम व पोस्ट कूरेभार, जिला सुलतानपुर ने थानाध्यक्ष कूरेभार को शिकायती पत्र देकर पूर्व बैंक कर्मचारी सहित तीन लोगों पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है।
पीड़ित के अनुसार वह कूरेभार–सेमरी रोड पर न्यू भारत इलेक्ट्रॉनिक्स नाम से दुकान चलाते हैं। दिनांक 23 जनवरी 2026 की सुबह करीब 10 बजे दो व्यक्ति उनकी दुकान पर आए, जिन्होंने खुद को इंडसइंड बैंक, सुलतानपुर शाखा से जुड़ा बताया। इन लोगों ने व्यवसाय बढ़ाने के नाम पर बैंक लोन दिलाने की बात कही और उनके दुकान के नाम से करंट अकाउंट खुलवाकर करीब एक लाख रुपये का लोन करा दिया।
कुछ ही घंटों बाद पीड़ित के खाते में 94,072 रुपये जमा होने का मैसेज आया, लेकिन उसी दिन अलग-अलग किश्तों में 86,500 रुपये खाते से कट गए। इसकी जानकारी पीड़ित को अगले दिन बैलेंस चेक करने पर हुई। जब उन्होंने बैंक से संपर्क किया तो जांच की बात कही गई।
पीड़ित ने दुकान में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली तो एक संदिग्ध व्यक्ति बैंक अधिकारी बनकर करीब दोपहर 3:15 बजे दुकान पर आता दिखाई दिया। जांच में बैंक अधिकारियों ने बताया कि CCTV फुटेज में दिख रहा व्यक्ति वर्तमान में बैंक का कर्मचारी नहीं है। उसकी पहचान देवेंद्र सिंह राठौर के रूप में हुई, जिसे पूर्व में बैंक में अनियमितता के आरोप में नौकरी से बर्खास्त किया जा चुका है।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि इस पूरे फर्जीवाड़े में अनुराग तिवारी और अम्बुज सिंह की मिलीभगत की पूरी संभावना है। पीड़ित का कहना है कि इन लोगों ने सुनियोजित साजिश के तहत खुद को बैंक अधिकारी बताकर धोखाधड़ी की और उनके खाते से 86,500 रुपये निकाल लिए।
पीड़ित ने पुलिस से CCTV फुटेज और बैंक दस्तावेजों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। अब देखना यह है कि कूरेभार पुलिस इस गंभीर बैंकिंग फ्रॉड मामले में कब तक कार्रवाई करती है।
https://www.facebook.com/share/v/1Dk11hCM3N
“पूछता है सुलतानपुर” चर्चित लावइ शो। शहर में जाम क्यों,पूर्ति विभाग में शिकायतों का निस्तारण नही।
सुलतानपुर ठगी, बैंक फ्रॉड, कूरेभार खबर, इंडसइंड बैंक, CCTV से खुलासा, व्यापारी से धोखाधड़ी
Comments are closed.